Berojgari Bhatta Yojana 2026: बिहार सरकार बेरोजगार युवाओं की मदद के लिए मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना (SHA Scheme) चला रही है। इस योजना के तहत 12वीं पास या स्नातक बेरोजगार युवक-युवतियों को दो साल तक हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जाती है। इस योजना से जुडी पूरी जानकारी प्राफ्त करने के लिए निचे पूरा पढ़ें।
इस योजना के तहत पैसा पाने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र (DRCC) जाकर कागजात जमा कराने होंगे। आपको बता दें की ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट 7nishchay-yuvaupmission.bihar.gov.in पर जाना होगा।
सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करें
अगर आपको इस बेरोजगार भत्ता योजना के तहत पैसा पाना है तो सबसे पहले आपको इसके आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन कैसे करें उसकी पूरी जानकारी आपको निचे दी गई है।
- सबसे पहले वेबसाइट के होमपेज पर दाईं तरफ “New Applicant Registration” बटन दिखेगा।
- उस पर क्लिक करने से एक नया फॉर्म खुलेगा, जिसमें अपना नाम, ईमेल आईडी, आधार नंबर और मोबाइल नंबर भरना होगा।
- इसके बाद “Send OTP” पर क्लिक करें।
- मोबाइल और ईमेल, दोनों पर अलग-अलग ओटीपी आएगा।
- दोनों को बॉक्स में भरकर “Submit” दबाएं।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर स्क्रीन पर संदेश आएगा। साथ ही आपके मोबाइल या ईमेल पर यूजर आईडी और पासवर्ड भेज दिया जाएगा।
फिर भरें योजना का फॉर्म
रजिस्ट्रेशन के बाद वेबसाइट के होमपेज पर लौटें। यूजर आईडी, पासवर्ड और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन होते ही एक डैशबोर्ड खुलेगा, जिसमें तीन योजनाओं के विकल्प दिखेंगे। इनमें से SHA यानी स्वयं सहायता भत्ता योजना चुनें।
इसके बाद आवेदन फॉर्म खुलेगा। इसमें व्यक्तिगत और पढ़ाई की जानकारी के साथ पता और बैंक खाते का ब्योरा भरना होगा। सारी जानकारी “Preview” बटन पर क्लिक करके एक बार जांच लें और फिर “Submit” करें।
ऑनलाइन आवेदन के बाद क्या करना होगा?
ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद दिए गए मोबाइल नंबर और ईमेल पर यूनिक पंजीकरण संख्या के साथ पावती आ जाएगी। आवेदन की एक पीडीएफ कॉपी भी ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी।
अब आवेदक को 60 दिनों के भीतर अपने कागजात जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र के काउंटर पर जमा करने होंगे। कौन-कौन से कागजात लगेंगे, इसकी जानकारी ऑनलाइन आवेदन जमा करते समय ही ईमेल से बता दी जाएगी।
कागजात की जांच के लिए केन्द्र पर आने की तारीख और समय तय किया जाएगा। इसकी सूचना एक हफ्ते पहले ईमेल और एसएमएस से दी जाएगी। आवेदक को ईमेल पर मिली आवेदन की कॉपी पर पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर खुद हस्ताक्षर करने होंगे। उसे जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी के साथ बताई गई तारीख पर केन्द्र पहुंचना होगा।
जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में क्या होगा
केन्द्र पर आवेदक को एक टोकन नंबर दिया जाएगा। नंबर आने पर आवेदक को सारे मूल प्रमाण पत्र, सभी प्रमाण पत्रों की खुद से सत्यापित कॉपी और ऑनलाइन जमा किए गए आवेदन की हस्ताक्षरित कॉपी लेकर काउंटर पर जाना होगा।
मूल प्रमाण पत्र स्कैन होने के बाद आवेदक को वापस कर दिए जाएंगे। कागजात की जांच पूरी होने पर काउंटर से एक लिखित पावती भी दी जाएगी।
महत्वपूर्ण दस्तावेज कुछ इस प्रकार
- आवेदन के लिए 12वीं या ग्रेजुएशन की मार्कशीट,
- 10वीं की मार्कशीट,
- आवासीय प्रमाण पत्र
- और आधार कार्ड चाहिए।
- सके साथ बैंक खाता संख्या और
- बैंक पासबुक की फोटोकॉपी भी जरूरी है।
भत्ता पाने की शर्तें
योजना का फायदा लेने के लिए आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए। उसे किसी भी तरह का सरकारी भत्ता, छात्रवृत्ति, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, शिक्षा ऋण या कोई और सहायता न मिल रही हो। आवेदक के पास सरकारी या प्राइवेट नौकरी नहीं होनी चाहिए और वह स्वरोजगार भी न कर रहा हो।
योजना में आवेदन करने वाले बेरोजगार युवक-युवतियों को श्रम संसाधन विभाग की ओर से चलाई जा रही भाषा संवाद (कम्युनिकेशन स्किल) और बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान की ट्रेनिंग लेनी जरूरी है। जब तक वे इस ट्रेनिंग का प्रमाण पत्र जमा नहीं करते, तब तक उन्हें मिलने वाले कुल भत्ते की आखिरी 5 महीनों की रकम जारी नहीं की जाएगी।
जिस दिन आवेदक को सरकारी या प्राइवेट नौकरी मिल जाएगी, उसी दिन से भत्ता बंद हो जाएगा।